रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : मंझनपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में रविवार को खेत में खड़ी स्विफ्ट कार के अंदर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कार में शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मंझनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार समेत आसपास के क्षेत्र की जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान करीब 25 वर्षीय रवि यादव निवासी धूमनगंज के रूप में हुई है। युवक का शव कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से उसकी मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और कार की बारीकी से जांच की।
पुलिस ने मृतक के परिजनों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और मृतक से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
0 Comments