Ticker

6/recent/ticker-posts

हिंदी दिवस पर अंबेडकर पाठशाला में प्रतियोगिताएं, मेधावी बच्चों को मिले पुरस्कार...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : तहसील कुलपहाड़ क्षेत्र के ग्राम रिछा में संचालित निःशुल्क अंबेडकर पाठशाला में रविवार को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में निबंध, कविता एवं हिंदी राजभाषा विषय पर मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का आयोजन अंबेडकर पाठशाला शिक्षा सेवा फाउंडेशन जिला महोबा के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर आनंद कुमार (पाल) के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के डायरेक्टर इन्द्र कुमार कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी बच्चों को स्कूल बैग एवं उपहार देकर पुरस्कृत किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डायरेक्टर इन्द्र कुमार कुशवाहा ने बच्चों को हिंदी दिवस के महत्व की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। संविधान सभा ने 14 सितंबर 1949 को हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। संविधान के अनुच्छेद 343(1) के अनुसार संघ की राजभाषा हिंदी और लिपि देवनागरी है। उन्होंने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 343 से 351 तक राजभाषा से संबंधित प्रावधानों का उल्लेख किया गया है। कार्यक्रम में आनंद पाल, नेहा प्रजापति, रक्षा प्रजापति, हरिचरन कुशवाहा सहित फाउंडेशन के सहयोगी सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments