Ticker

6/recent/ticker-posts

राष्ट्रीय लोक अदालत में 33,288 वादों का निस्तारण, लगभग 5.99 करोड़ रुपये की वसूली...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कौशाम्बी के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला न्यायालय परिसर में आयोजित लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश बद्री विशाल पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रिया सिंह ने किया। राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों, बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, लीगल एड डिफेन्स काउंसिल के सदस्यों, पराविधिक स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान जिला कारागार में निर्मित उत्पादों, किशोरों व महिलाओं तथा स्वयं सहायता समूहों और गैर सरकारी संगठनों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए। चिकित्सा विभाग की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसका न्यायिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया।

लोक अदालत में जिला न्यायालय और विभिन्न न्यायालयों द्वारा बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 46 मामलों में 2 करोड़ 35 लाख 90 हजार रुपये प्रतिकर दिलाया। परिवार न्यायालय ने 29 पारिवारिक वादों का निस्तारण किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने 2,810 वाद निस्तारित कर 2,61,400 रुपये अर्थदंड वसूला। विद्युत अधिनियम के 207 मामलों का भी निस्तारण किया गया। इसके अलावा जिले के समस्त राजस्व न्यायालयों ने 27,411 वादों का निस्तारण किया।

बैंकों से संबंधित 584 ऋण वसूली वादों का निस्तारण कर 2 करोड़ 24 लाख 51 हजार 20 रुपये जमा कराए गए। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने 520 मामलों के निस्तारण से 23 लाख 56 हजार 383 रुपये तथा जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने तीन मामलों के निस्तारण से 66,055 रुपये जमा कराए। इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 33,288 वादों का निस्तारण करते हुए 5 करोड़ 99 लाख 88 हजार 621 रुपये की धनराशि वसूल की गई।

Post a Comment

0 Comments