Ticker

6/recent/ticker-posts

जिला अस्पताल में मरीजों की लगी रही लाइन, ओपीडी के अंदर डॉक्टर करते रहे चाय-नाश्ता...

रिपोर्ट-संदीप कुमार 

कौशाम्बी : जिला अस्पताल मंझनपुर में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। कमरा नंबर 14 के बाहर मरीज घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए, जबकि अंदर ओपीडी (कंसल्टेशन रूम) में डॉक्टर और स्टाफ के चाय-नाश्ता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बाहर मरीजों की भीड़ और अंदर कुछ लोगों के चाय-नाश्ता करने तथा हंसी-मजाक करने का दावा किया जा रहा है। मरीजों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले गरीब और लाचार मरीजों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। वहीं कुछ लोग कथित रूप से सेटिंग के जरिए लाइन से अलग होकर इलाज करा लेते हैं। इससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और उनका पूरा दिन अस्पताल में गुजर जाता है। इसी दौरान इलाज कराने पहुंची चांदनी गौतम ने अस्पताल में अव्यवस्था और कथित दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

चांदनी के मुताबिक वह गर्भवती है और काफी देर तक कमरा नंबर 14 के बाहर लाइन में खड़ी रही। लंबे समय तक खड़े रहने के कारण उसके पैर में दर्द होने लगा। जब उसने अंदर जाकर डॉक्टर को अपनी परेशानी बताई तो आरोप है कि उसके साथ अभद्रता की गई और गार्ड के जरिए उसे बाहर निकलवा दिया गया। चांदनी का आरोप है कि उसे दोबारा इस तरह अंदर आने पर जेल भेजने की धमकी भी दी गई। मरीजों का कहना है कि अस्पताल में ऐसी स्थिति केवल एक कमरे तक सीमित नहीं है, बल्कि कई स्थानों पर मरीजों को इंतजार और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से व्यवस्था सुधारने, डॉक्टरों की समय से उपलब्धता सुनिश्चित कराने और लाइन व्यवस्था में पारदर्शिता बरतने की मांग की है।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मरीजों ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments