रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : आगामी नवरात्र पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी प्रभास कुमार और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने कोतवाली क्षेत्र स्थित मां बड़ी चन्द्रिका देवी मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नवरात्र के दौरान मंदिर में उमड़ने वाली संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों, आवागमन के रास्तों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवागमन के रास्तों को व्यवस्थित रखने के साथ भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य नवरात्र के दौरान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और उन्हें सुगमतापूर्वक दर्शन कराना है।
मंदिर में पूजा-अर्चना कर मांगा आशीर्वाद...
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रभास कुमार और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने मां बड़ी चन्द्रिका देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सुरक्षा की कामना की। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गोंड, उप जिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली वीरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
0 Comments