रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद में किसानों को सुचारू रूप से उर्वरक उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी प्रभास कुमार की अध्यक्षता में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी बिक्री केंद्रों पर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता तथा जिला प्रबंधक पीसीएफ को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन उपजिलाधिकारियों से बिक्री केंद्रों की स्थिति और मांग का विवरण प्राप्त करें। इसके आधार पर बिक्री केंद्रों पर समय से उर्वरक भेजने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रतिदिन कम से कम 10 से 15 सहकारी बिक्री केंद्रों पर उर्वरक की बिक्री सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध हो सके। डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों, उप कृषि निदेशक, तहसीलदारों, जिला कृषि अधिकारी और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को बिक्री केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निजी और सहकारी दोनों प्रकार के बिक्री केंद्रों पर उर्वरक का वितरण सुचारू रूप से कराया जाए, ताकि किसानों को खाद के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
जिलाधिकारी ने उर्वरक विक्रेताओं को निर्धारित दरों पर ही खाद बेचने की हिदायत देते हुए कहा कि ओवररेटिंग यानी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने तथा उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद जबरन देने (टैगिंग) के मामलों में संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप कृषि निदेशक, समस्त उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार, जिला कृषि अधिकारी, प्रभारी सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला प्रबंधक पीसीएफ तथा इफको कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
0 Comments