रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : चरखारी कस्बे के मोहल्ला खंदिया स्थित निःशुल्क डॉ. अंबेडकर पाठशाला एवं लाइब्रेरी में शनिवार, 14 नवंबर को बाल दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। अंबेडकर पाठशाला शिक्षासेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों को कॉपी, पेन, पठन-पाठन सामग्री और चॉकलेट वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने चाचा नेहरू के जीवन पर आधारित कविता, भाषण, रंगोली, चित्रकला और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बाल मेले में बच्चों ने विभिन्न प्रकार की दुकानें भी लगाईं, जिनमें लोगों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पाठशाला के डायरेक्टर इन्द्र कुमार कुशवाहा ने की। मुख्य अतिथि बुंदेलखंड जन क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह तथा विशिष्ट अतिथि रोशन महोबा, राहुल यादव (महासचिव), अनिल कुशवाहा (अध्यक्ष) एवं मनोज यादव (उपाध्यक्ष) उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विजय प्रताप सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत का भविष्य हैं। बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और चाचा नेहरू सहित देश के महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। वहीं रोशन महोबा ने अंबेडकर फाउंडेशन द्वारा संचालित निःशुल्क पाठशाला के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गरीब एवं वंचित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। बाल मेले में देर शाम मुख्य अतिथि विजय प्रताप सिंह और रोशन महोबा ने बच्चों की दुकानों से खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। इससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी बच्चों को कॉपी, पेन, शैक्षिक सामग्री और चॉकलेट वितरित की गई। इस अवसर पर विजय प्रताप सिंह एवं रोशन महोबा ने निःशुल्क अंबेडकर पाठशाला का विस्तार जिले स्तर पर करने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में आशीष श्रीवास, अजय, शिवम राजपूत, प्रमोद राजपूत, आदित्य, रामदयाल रैकवार, सोहित तिवारी, शिवम शुक्ला, सचिन बघेल, महेंद्र पाल सहित फाउंडेशन के सहयोगी कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
0 Comments