ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र में पावर हाउस के पास जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। विवादित जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि विवादित जमीन पर किए गए निर्माण को गिराए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में मौके पर पहुंचे पंचकारों के पक्ष से जुड़े वकीलों के साथ भी मारपीट किए जाने और उन्हें दौड़ाकर पीटने का दृश्य सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ और एसडीएम समेत तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
हालांकि, घटना के संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दोनों पक्षों की तरफ से भी विवाद को लेकर आधिकारिक रूप से अपना पक्ष स्पष्ट नहीं किया गया है। जमीन के विवाद में इस तरह खुलेआम मारपीट और पथराव की घटना कानून-व्यवस्था के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच और दोनों पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
0 Comments