Ticker

6/recent/ticker-posts

आवासीय बालिका विद्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, छात्राओं से पूछे पढ़ाई से जुड़े सवाल...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महोबा का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं, छात्रावास, रसोईघर, भोजनालय और शौचालयों का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, पाठ्यक्रम की प्रगति और शिक्षण की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। साथ ही विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछकर छात्राओं के शैक्षणिक स्तर को परखा। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए और समय-समय पर उनकी पढ़ाई का मूल्यांकन किया जाए। डीएम ने छात्रावास में छात्राओं के रहने, पेयजल, बिजली, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। रसोईघर और भोजनालय के निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय से पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई रखने तथा छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को छात्राओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक छात्रा तक पहुंचाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि बालिकाओं की‌ शिक्षा और सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर कर विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments