ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजिहिनी आइमा गांव में घर के सामने खड़े डीजे और रोड लाइट के सामान में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। घटना बीती रात की बताई जा रही है। आग की चपेट में आने से डीजे और रोड लाइट का सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में पीड़ित को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, उजिहिनी आइमा (गोदाम) निवासी धर्मराज पुत्र रामकृपाल शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में डीजे व रोड लाइट लगाने का काम करते हैं। इसी व्यवसाय से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका डीजे और रोड लाइट का सामान घर के सामने खड़ा था। आरोप है कि बीती रात अज्ञात लोगों ने उसमें आग लगा दी, जिससे उनका काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना से आर्थिक नुकसान उठाने वाले पीड़ित धर्मराज ने मंगलवार को संदीपन घाट थाने पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी और मामले में जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की। फिलहाल आग लगने के कारणों और घटना में शामिल लोगों के संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
0 Comments