Ticker

6/recent/ticker-posts

मनौरी में दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, हादसे में पांच लोग घायल...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में सोमवार रात बंद टॉकीज के समीप दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक मासूम बच्चे समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, दरियापुर निवासी शिवमोहन पुत्र स्वर्गीय सुंदरलाल सोमवार को अपनी बेटी की सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने कोखराज थाना क्षेत्र के बैरिया अमहा गांव गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह परिवार और रिश्तेदारों के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मनौरी बंदरहाई बाग के पास मनौरी की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में शिवमोहन, रामराज पुत्र सीताराम, हीरालाल पुत्र स्वर्गीय आशाराम, रामआसरे पुत्र रामबहोरी निवासी तरनी तथा देवांश पुत्र धीरेंद्र निवासी डीहा सरैया, कस्बा चायल घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चायल सीएचसी में चिकित्सकों ने शिवमोहन और हीरालाल की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

 हालांकि, परिजनों ने दोनों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान कारों के एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

Post a Comment

0 Comments