रिपोर्ट- राजकुमार
प्रयागराज : जनपद में राजकीय उद्यान चन्द्रशेखर आजाद पार्क में दिनांक 5, 6, 7 मार्च 2022 को आयोजित मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री संजय गोयल, आयुक्त प्रयागराज मण्डल, प्रयागराज द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद प्रतिमा पर पुष्प भी अर्पित किये गये। मुख्य अतिथि द्वारा प्रदर्शनी के लेआउट तथा पुष्प कलाकृतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उद्यान प्रेमियों के पूरे वर्षों की मेहनत का परिणाम होती है। ये वर्ष भर मेहनत कर फूल व फल के पौधे तैयार करते हैं ऐसी प्रतियोगिता होने से आम जनमानस का प्रकृति के प्रति रूझान बढ़ता है। प्रदर्शनी में इस वर्ष फोटोग्राफी एवं पेन्टिंग को सम्मिलित किया जाना प्रदर्शनी के विस्तार का सूचक है तथा इस अवसर पर एक स्मारिका का भी विमोचन किया गया, जिसमें औद्यानिकी से सम्बन्धित विभिन्न आलेखों का संकलन किया गया है जो उद्यान प्रेमियों के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होगी। आयुक्त, प्रयागराज मण्डल, प्रयागराज ने बच्चों को प्रकृति की ओर आकर्षित करने हेतु अधिक से अधिक संख्या में लोगों को प्रदर्शनी के अवलोकन हेतु अनुरोध किया तथा दिनांक-06 व 07.03.2022 को 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए पार्क में प्रवेश निःशुल्क प्रवेश की घोषणा की, विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेजा ऊर्जा निगम श्री अनिल कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि मनुष्य में फूलों की खुशबू एवं उनके रंगों से ऊर्जा बढ़ती है ऐसे में इस प्रदर्शनी को बच्चों को अवश्य दिखाना चाहिये। उप निदेशक उद्यान, प्रयागराज मण्डल, प्रयागराज श्री पंकज कुमार शुक्ला द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि औद्यानिक फसलों पर किये गये कार्यों के परिणाम काफी समय बाद दिखायी देते हैं। अतः इसके लिए निरन्तर प्रयास किये जाने की जरूरत होती है। फूलों को सुन्दर बनाने के लिए उद्यान प्रेमी काफी दिनों तक मेहनत करते हैं इसके परिणाम है कि आज यह फूलों की घाटी चन्द्रशेखर आजाद पार्क, का बैण्ड स्टैण्ड अपनी सुन्दरता के लिए लोगों का मन अपनी ओर खिचता है। उद्घाटन सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी, प्रयागराज, श्री शिपू गिरि, अपर नगर मजिस्ट्रेट आदि भी उपस्थित रहें।
अधीक्षक, राजकीय उद्यान, चन्द्रशेखर आजाद पार्क, प्रयागराज श्री उमेश चन्द्र उत्तम द्वारा बताया गया कि इस प्रदर्शनी को कुल-27 भागों में विभक्त किया गया था। जिसमें कुल-437 प्रतियोगियों ने 2640 प्रविष्टियाॅं प्रदर्शनी में लगायी। इसमें गमलों में मौसमी फूल, जैसे, जेरेनियम,फ्लाक्स, बरवीना, डहेलिया, कलेडुला, आदि शोभाकार एवं हरे-भरे पौध,कैक्ट्स एवं सकुलेन्ट पौधे, गमलों में सब्जियों के पौध गुलाब व अन्य पुष्पों के कट फ्लावर, महिलाओं व बच्चों द्वारा निर्मित पुष्प विन्यास/आकृतियाॅं फलों के बने पदार्थ, बोनसाई, शहद, फोटोग्राफी व पेन्टिंग आदि की प्रतियोगितायें की गयी। इसके पूर्व में बंगलों के जजिंग का कार्य भी उद्यान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण पुष्पों द्वारा निर्मित विभिन्न पशुओं की आकृतियां थी। श्री उत्तम द्वारा बताया गया कि यह पुष्प प्रदर्शनी प्रातः 08ः00 बजे से रात्रि 09ः00 बजे तक प्रतिदिन आम जनमानस के लिए खुले रहेगी। प्रदर्शनी के विजेताओं को दिनांक-07.03.2022 सोमवार को सायं 04ः00 बजे पुरस्कार वितरण किया जायेगा। कार्यक्रम का संचालन औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र, खुशरूबाग, प्रयागराज के श्री वी0के0 सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाली संस्थाओं में उत्तर मध्य सांस्कृतिक केन्द्र के कलाकार श्री आशुतोष श्रीवास्तव, श्रीमती मोहिनी श्रीवास्तव एवं श्री रमाकान्त ढेढिया दल द्वारा अपनी प्रस्तुति से लोगों का मनमोह लिया।
0 Comments