ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद में कोखराज थाना क्षेत्र में एक महिला के मकान पर जबरन कब्जा कराने और फर्जी कागजात तैयार करवाने के गंभीर आरोपों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। मामले में चायल के पूर्व भाजपा विधायक सहित कुल सात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बतादें कि पीड़िता राजदुलारी उमाशंकर ने आरोप लगाया कि पति की मृत्यु के बाद उनके मकान पर कब्जा करने के लिए पूर्व विधायक संजय गुप्ता, भरवारी के पूर्व चेयरमैन कैलाश चंद्र केसरवानी, उनकी पत्नी और पूर्व चेयरमैन सुनीता केसरवानी सहित अन्य लोगों ने राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव का दुरुपयोग किया। आरोप है कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पर दबाव बनाकर मकान रिकॉर्ड में विपक्षियों का नाम दर्ज कराया गया और बाद में जबरन कब्जा भी करा दिया गया। राजदुलारी के अनुसार नगर पालिका के ईओ राम सिंह तथा प्रशासन ने उनकी आरटीआई का जवाब भी नहीं दिया। लगातार उपेक्षा से परेशान होकर उन्होंने शासन से शिकायत की, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। अंततः पीड़िता ने सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनता दरबार में न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद मामला गंभीरता से लिया गया।
सीएम के निर्देश मिलते ही कोखराज थाना पुलिस ने देर रात कार्यवाही करते हुए पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व चेयरमैन कैलाश चंद्र केसरवानी, उनकी पत्नी और पूर्व चेयरमैन सुनीता केसरवानी, तथा दिलीप, अजय, विजय और संजय के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं इस मामले में पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस मामले से उनका कोई लेना देना नहीं है उनकी छवि को खराब करने के लिए कुछ लोगों ने साजिशन यह खेल रचाया है। पुलिस जांच में वह निर्दोष साबित होंगे। जिसके बाद ऐसा करने वालों पर मान हानि की कार्यवाही की मांग करेंगे।
0 Comments