रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद में तहसील महोबा में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखबीर सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार एवं उपजिलाधिकारी महोबा शिवध्यान पांडे ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील महोबा से कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इसी क्रम में तहसील कुलपहाड़ में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी डॉक्टर प्रदीप कुमार की उपस्थिति में आयोजित समाधान दिवस में प्राप्त 39 शिकायतों में से 02 का तत्काल निस्तारण किया गया। वहीं तहसील चरखारी में उपजिलाधिकारी धीरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 26 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 10 का निस्तारण मौके पर किया गया। शिकायतों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं फरियादी की संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत निस्तारण से पूर्व शिकायतकर्ता से संवाद करना अनिवार्य है और यदि फरियादी संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित नहीं माना जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निपटान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। कहा कि इन शिकायतों की समीक्षा मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से की जाती है, इसलिए शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी की छोटी या बड़ी समस्या को गंभीरता से सुनकर कागजी नहीं बल्कि धरातल पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। अपर जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता की जांच की जाएगी और यदि किसी भी स्तर पर फर्जीवाड़ा पाया गया तो संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लेखपालों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गांवों में जाकर ढिंढोरा पिटवाकर ग्रामीणों को सूचित करें, उनकी समस्याएं सुनें तथा त्वरित निस्तारण करें। किसी गंभीर समस्या की स्थिति में तत्काल उपजिलाधिकारी को अवगत कराना सुनिश्चित करें।
0 Comments