रिपोर्ट-अशीष विश्वकर्मा
महोबा : जिले के चरखारी कस्बे से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जयेंद्र नगर इलाके में खेल रहे 11 वर्षीय मासूम बच्चे की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयेंद्र नगर निवासी गोविंद (11 वर्ष), पुत्र कपिल, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। घर के दरवाजे के पास ही बिजली का खंभा लगा हुआ है, जिसे सहारा देने के लिए सपोर्ट वायर (स्टे वायर) लगाया गया था। खेल के दौरान गोविंद ने अनजाने में उस सपोर्ट वायर को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि उस समय तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन और मोहल्ले के लोग आनन-फानन में गोविंद को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और घर में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। खुले में करंट प्रवाहित होना और सपोर्ट वायर में सुरक्षा व्यवस्था का अभाव गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
0 Comments