Ticker

6/recent/ticker-posts

विराट हिन्दू सम्मेलन में दिखी एकता, प्रांत प्रचारक ने एकता पर दिया जोर...

रिपोर्ट-अशीष विश्वकर्मा 

महोबा : जनपद के रिवई गांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रामजी की अध्यक्षता में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जा रहे आयोजनों की श्रृंखला का हिस्सा था। सम्मेलन का आयोजन स्वर्गीय के.एल.डी.पी. हाई स्कूल, रिवई परिसर में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।‌ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत प्रचारक रामजी ने कहा कि भारत ही ऐसा देश है जिसे माँ का दर्जा दिया गया है और माँ अपने सभी बच्चों को समान मानती है। उन्होंने कहा कि सभी हिन्दू एक ही माँ की संतान हैं, इसलिए समाज को जातियों में बंटने के बजाय संगठित होकर एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने जातिवाद और भेदभाव को त्याग कर सामाजिक समरसता अपनाने का आह्वान किया। प्रांत प्रचारक ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में देश विरोधी तत्वों द्वारा लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसी गतिविधियाँ चलायी जा रही हैं, जिनसे सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने अवैध घुसपैठ को आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौती बताते हुए कहा कि इससे सामाजिक संतुलन प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने जनसंख्या संतुलन का विषय उठाते हुए परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कश्मीर और बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए कहा कि जहाँ-जहाँ हिन्दू आबादी में कमी आई, वहाँ सामाजिक और राष्ट्रीय चुनौतियाँ बढ़ीं। प्रांत प्रचारक ने देश के सभी हिन्दुओं से सामाजिक समरसता, परिवार प्रबंधन, पर्यावरण सुरक्षा, स्वदेशी अपनाने और नागरिक कर्तव्यों के पालन जैसे पाँच सूत्रीय नियमों का अनुसरण करने की अपील की। कार्यक्रम में काकून महंत रमेश गिरी, मातृशक्ति निधि त्रिपाठी, डॉक्टर ओमशंकर श्रीवास्तव, महेंद्र फौजी विद्यालय के प्रबंधक साकेत त्रिपाठी, विभाग प्रचारक ऋतुराज, जिला प्रचारक सौरभ, सह जिला कार्यवाह ब्रिजेंद्र, जिला प्रचारक प्रमुख पंकज, खंड एवं नगर प्रचारक अमन, ब्लॉक प्रमुख सीमा कुशवाहा, खरेला चेयरमैन संतोष सिंह सहित पंकज तिवारी, उदित राजपूत, युवराज सेंगर समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठनात्मक एकता और राष्ट्रहित में कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments