Ticker

6/recent/ticker-posts

झूठे मुकदमे में पत्रकार को फँसाने की साजिश, पुलिस के विरुद्ध पत्रकार संगठनों का प्रदर्शन...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जनपद में एक पत्रकार को कथित रूप से झूठे मुकदमे में फँसाने की साजिश के विरोध में पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। विभिन्न मीडिया संगठनों से जुड़े पत्रकारों ने एकजुट होकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। बतादें कि संदीपन घाट थाना पुलिस ने पत्रकार इश्तियाक को साजिशन एक मारपीट के मामले में फर्जी तरीके से नामजद किया है। पत्रकारों का कहना है कि जिस समय उक्त घटना हुई, उस समय इश्तियाक एक शादी समारोह में मौजूद थे। इसके समर्थन में उन्होंने साक्ष्य भी होने का दावा किया। बावजूद इसके पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने को उन्होंने दुर्भावनापूर्ण कार्यवाही बताया है।

पत्रकार संगठनों ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार करार देते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई प्रेस की स्वतंत्रता को कुचलने का प्रयास है। प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की कि दर्ज मुकदमे की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा घटनास्थल की लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग उठाई कि यदि किसी प्रकार की साजिश के तहत नामजदगी की गई है तो संबंधित पुलिसकर्मियों और शिकायतकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पत्रकार इश्तियाक के खिलाफ गिरफ्तारी या जेल भेजने की कार्रवाई की गई तो जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

हालांकि समाचार लिखे जाने तक जिला पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। उधर, पत्रकारों के कड़े रुख से प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। मीडिया संगठनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मुकदमा वापस नहीं लिया जाता और निष्पक्ष न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments