Ticker

6/recent/ticker-posts

नींबू के बाग में गौवंश के अवशेष मिलने से सनसनी, जांच के लिए एफएसएल भेजे गए सैंपल...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के जानकीपुर गांव स्थित एक नींबू के बाग में कथित गौवंश के अवशेष मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और लगातार इस प्रकार की घटनाएं सामने आने पर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर चरवा और पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद चायल के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का जायजा लेकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार पशु चिकित्सक की टीम ने मौके से अवशेषों के नमूने (सैंपल) एकत्र कर लिए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अवशेष किस पशु के हैं।

शेष अवशेषों का प्रशासन की निगरानी में नियमानुसार मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments