रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : सैनी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पार कर रही महिला की तेज रफ्तार वैगनआर कार की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी पटरी पर जा पहुंची, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सुदामा (पत्नी राम भवन) निवासी विजयीपुर गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज गति से आ रही वैगनआर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर सैनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वैगनआर कार को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा सैनी थाना क्षेत्र के विजयीपुर गांव के पास हुआ। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments