Ticker

6/recent/ticker-posts

खम्भे पर फ्लेक्स बोर्ड लगाते समय लगा करंट, ई-रिक्शा चालक की हुई मौत...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नया नगर निवासी ई-रिक्शा चालक की रविवार को विद्युत खंभे में फ्लेक्स बोर्ड लगाने के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे चालक को पहले मंझनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार नया नगर निवासी रिजवान अहमद ई-रिक्शा से फ्लेक्स बोर्ड लेकर विभिन्न स्थानों पर खंभों में लगाने का काम करते थे। रविवार को वह फ्लेक्स बोर्ड लेकर शमसाबाद गए थे। बताया जा रहा है कि विद्युत खंभे में फ्लेक्स बोर्ड लगाने के दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में उन्हें मंझनपुर मुख्यालय स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी वहीदा बेगम सहित परिवार के अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने निजी अस्पताल में उपचार से लाभ न मिलने का आरोप लगाते हुए रिजवान को मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी वहीदा बेगम ने बताया कि उनके पति खंभे में फ्लेक्स बोर्ड टांग रहे थे, इसी दौरान करंट की चपेट में आकर झुलस गए और उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मंझनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस से घटना की जांच कर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर विद्युत खंभे में फ्लेक्स बोर्ड लगाते समय रिजवान करंट की चपेट में कैसे आए।

Post a Comment

0 Comments