रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : सैनी थाना क्षेत्र के गुलामीपुर-गोरियो रोड के पास मंगलवार को पति-पत्नी के विवाद को लेकर जमकर हंगामा हो गया। विवाद के दौरान विवाहिता द्वारा बाइक में पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई। हालांकि, मौके पर मौजूद एक स्थानीय युवक ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग बुझा दी। इससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बताया जा रहा है कि विवाहिता बबिता पटेल अपने परिजनों के साथ हॉस्पिटल में काम कर रहे अपने पति के पास पहुंची थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने बाइक में पेट्रोल डालकर उसे आग लगाने का प्रयास किया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय युवक ने तत्काल पानी डालकर बाइक में लगी आग को बुझा दिया।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को सैनी थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि बबिता पटेल और उसके पति की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चलने की बात सामने आई है। मामला तलाक तक पहुंच चुका है और कोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर विवाद के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
0 Comments