Ticker

6/recent/ticker-posts

चरखारी कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, गणेश चतुर्थी को लेकर डीजे की आवाज निर्धारित...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को चरखारी कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अवनीश कुमार तिवारी ने की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे, कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा सहित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, गणमान्य नागरिक और क्षेत्र के प्रमुख लोग मौजूद रहे। बैठक में त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा ने कहा कि डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के भीतर ही रखी जाए, ताकि बुजुर्गों, बच्चों और अन्य लोगों को परेशानी न हो। क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे ने गणेश उत्सव समितियों से जुलूस में बजाए जाने वाले भजनों की सूची पहले से तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सूची में शामिल भजनों को ही डीजे पर बजाया जाए और ऐसा कोई गीत या गतिविधि न हो, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो।

एसडीएम अवनीश कुमार तिवारी ने कहा कि गणेश प्रतिमाओं के पंडाल ऐसे स्थानों पर बनाए जाएं, जहां आवागमन प्रभावित न हो। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए। चौकी प्रभारी हार्दिक सिंह ने चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ गणेश चतुर्थी पर्व मनाने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments