ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
लखनऊ : उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने दुर्लभ पक्षियों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से सात दुर्लभ बाज (फाल्कन) बरामद किए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन पक्षियों की अनुमानित कीमत करीब 14 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज मसर्रत खान निवासी मुंबई के रूप में हुई है। एसटीएफ ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे लखनऊ के मदेयगंज थाना क्षेत्र स्थित इरादतनगर मोहल्ले से गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, 30 अक्टूबर को एसटीएफ को लखनऊ में एक वन्यजीव तस्कर के आने की सूचना मिली थी। इसके बाद शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे एक मकान में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रतिबंधित पक्षियों और वन्यजीवों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरोह के सदस्य गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से दुर्लभ पक्षियों को पकड़ते थे। इसके बाद उन्हें मुंबई के रास्ते दुबई, सऊदी अरब और बहरीन सहित अन्य देशों में भेजा जाता था। एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जाएगी। बरामद पक्षियों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित सदस्यों के संबंध में जांच की जा रही है।
0 Comments