रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर टिकरी गांव की एक विवाहिता की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर बीमारी के दौरान समुचित इलाज न कराने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी के मुताबिक, गौसपुर टिकरी निवासी रामसृष्टि की 27 वर्षीय बेटी गिरिजा देवी की शादी वर्ष 2023 में महेवाघाट थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी अनीस कुमार उर्फ सुंदर लोधी के साथ हुई थी। दंपती की एक साल की बेटी नित्या है। परिजनों के अनुसार, गिरिजा 24 अक्टूबर से बुखार से पीड़ित थी। आरोप है कि बीमारी के दौरान ससुरालीजनों ने उसके इलाज में लापरवाही बरती। हालत बिगड़ने पर उसे मंझनपुर के ओसा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि गिरिजा को 24 अक्टूबर से बुखार था।
पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से रेफर किए जाने के बाद समदा रोड और फिर ओसा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले में संबंधित निजी अस्पताल को पूर्व में भी मरीज की मौत के मामले में सीएमओ द्वारा सीज किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद अस्पताल के दोबारा संचालित होने और वहां इलाज के दौरान एक और मौत होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक पुष्टि और कार्रवाई का विवरण सामने आना बाकी है। पुलिस के अनुसार, मृतका के भाई कुंज बिहारी पुत्र रामसूरज सिंह ने पीआरवी को सूचना देकर बहन की मौत और इलाज में लापरवाही की आशंका जताई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
0 Comments