रिपोर्ट-विजेन्द्र सिंह
प्रयागराज : स्वरूपरानी नेहरू जिला चिकित्सालय में कार्यरत आउटसोर्सिंग एवं ठेका सफाई कर्मचारियों ने ठेकेदार कंपनी राजधानी इंटरप्राइजेज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि 1 जनवरी 2026 से कंपनी ने अस्पताल में ठेका कार्य शुरू किया, लेकिन इसके बाद से ही वेतन भुगतान में अनियमितता बनी हुई है। कर्मचारियों के मुताबिक होली, रक्षाबंधन, गणेश चतुर्थी, नवरात्र और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों पर भी समय से वेतन नहीं दिया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि दीपावली के समय भी उनका दो महीने का वेतन बकाया है। इसके अलावा करीब 11 महीने बीतने के बावजूद पीएफ और ईएसआईसी का लाभ नहीं मिला है। उनका कहना है कि शासन की ओर से आउटसोर्सिंग सेवा निगम में शामिल किए जाने के संबंध में जारी आदेश का भी पालन नहीं किया जा रहा है और कर्मचारियों का डाटा संबंधित विभाग को नहीं भेजा जा रहा है।
कर्मचारियों के अनुसार अन्य विभागों में वेतन में 500 से 1000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, लेकिन उन्हें आज भी मात्र 9500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। बढ़ती महंगाई के बीच इतनी कम आय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी का पैर और दूसरे का हाथ टूट गया, जबकि एक अन्य कर्मचारी कैंसर से पीड़ित है। इसके बावजूद ईएसआईसी की सुविधा नहीं मिलने से प्रभावित कर्मचारियों को इलाज के लिए कर्ज लेना पड़ा। कैंसर पीड़ित कर्मचारी से भी काम लिए जाने की शिकायत की गई है।
कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए बकाया वेतन का भुगतान कराने, पीएफ और ईएसआईसी का लाभ दिलाने, वेतन वृद्धि लागू कराने तथा आउटसोर्सिंग सेवा निगम में शामिल करने की मांग की है। कर्मचारियों ने ठेका व्यवस्था में काम करने वाले सफाईकर्मियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई की अपील की है।
0 Comments