Ticker

6/recent/ticker-posts

मंझनपुर से कोखराज तक पुलिस की छापेमारी, बड़े पैमाने पर गांजा तस्करी का खुलासा...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कौशाम्बी पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के मार्गदर्शन में छह थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 16 किलो 758 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मंझनपुर, सराय अकिल, चरवा, पिपरी, संदीपनघाट और कोखराज थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग और घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्धों को गांजे के साथ पकड़ा गया। बरामदगी में कोखराज थाना क्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां दो आरोपियों के कब्जे से 7 किलो 77 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा सराय अकिल में दो आरोपियों से चार किलो, पिपरी में दो आरोपियों से 2 किलो 20 ग्राम, चरवा में एक आरोपी से 1 किलो 300 ग्राम, मंझनपुर में एक आरोपी से 1 किलो 296 ग्राम तथा संदीपनघाट में एक आरोपी से 1 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सूरज मौर्या निवासी पाल चौराहा मंझनपुर, सुनील पाल उर्फ सिपाही लाल पाल और विजय मौर्य निवासी हसीमपुर किनार सराय अकिल, अनुपम कुमार मिश्रा निवासी कादीपुर मंझनपुर, अनुराग त्रिपाठी निवासी बिदनपुर ककोढ़ा कोखराज, राहुल कुमार पाण्डेय उर्फ रोहित निवासी ओसा मंझनपुर, देवेश त्रिपाठी निवासी जाठी, शिवम केशरवानी निवासी इचौली कोखराज तथा नितेश कुमार निवासी मंसूर नगर मंझनपुर शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।

मंझनपुर में मुकदमा संख्या 487/26, सराय अकिल में 344/26, चरवा में 302/26, पिपरी में 274/26, संदीपनघाट में 295/26 और कोखराज में 581/26 के तहत कार्यवाही की गई है। पुलिस के मुताबिक अनुराग त्रिपाठी और शिवम केशरवानी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments