रिपोर्ट-राजकुमार
कौशाम्बी : चायल तहसील क्षेत्र के मूरतगंज ब्लॉक अंतर्गत आलमचंद गांव में बुखार के प्रकोप से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। यहां एक मजदूर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महज तीन दिनों के भीतर मजदूर की दो मासूम बेटियों की मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान आठ वर्षीय आसमा और चार वर्षीय यशि के रूप में हुई है। वहीं, बसेड़ी गांव में भी कनिका नाम की बच्ची की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। लगातार हो रही मौतों से क्षेत्र के लोगों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है और नालियों की नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। सफाई व्यवस्था बदहाल होने के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में तत्काल स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच कराने और बीमारी के कारणों का पता लगाने की मांग की है। साथ ही गांव में साफ-सफाई और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने की भी अपील की है। लगातार हो रही मौतों के बावजूद ग्रामीणों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर स्वास्थ्य विभाग कब सक्रिय होगा? जरूरत है कि समय रहते गांवों में स्वास्थ्य टीम भेजकर जांच, उपचार और साफ-सफाई की ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि बीमारी के प्रकोप को रोका जा सके और अन्य परिवारों को इस दर्दनाक स्थिति से बचाया जा सके।
0 Comments