रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने बुधवार, 04 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में तंबाकू नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए। अभियान के शुभारंभ अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि तंबाकू सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इसके दुष्प्रभावों से आमजन को जागरूक करने के लिए जागरूकता रैलियां, हस्ताक्षर अभियान एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसका संदेश पहुंच सके।
उन्होंने विशेष रूप से जनपद के सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं को तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों की जानकारी देकर उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा इसमें आमजन की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
0 Comments