रिपोर्ट-ईश्वर दीन साहू
प्रयागराज : जनपद में मंडल आयुक्त श्री विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक कार्यालय स्थित गांधी सभागार में संपन्न हुई जिसमें उद्योग बंधुओं से संबंधित समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। सर्वप्रथम निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण संबंधित विवरण की अद्यतन स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए मंडल आयुक्त ने सभी विचाराधीन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। अभी तक पोर्टल पर 6774 प्रकरण प्राप्त हुए हैं जिनमें से 6214 का निस्तारण कर दिया गया है। शेष विभिन्न विभागों एवं उद्यमियों के स्तर पर लंबित हैं जिनके शीघ्र निस्तारण हेतु मंडल आयुक्त द्वारा यह निर्देश दिए गए हैं। बैठक में शासन द्वारा संचालित रोजगार परक योजनाओं, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं एक जनपद एक उत्पाद योजना की समीक्षा भी की गई जिसमें वित्तीय वर्ष 2022-23 में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक कितना ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया जा चुका है उसके बारे में भी चर्चा की गई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 346 के लक्ष्य के सापेक्ष 176 आवेदनों को स्वीकृति दी जा चुकी है जिसमें से 118 को ऋण भी दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 363 के लक्ष्य के सापेक्ष 125 को स्वीकृति एवं 80 को ऋण वितरित किया जा चुका है। एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत 164 के लक्ष्य के सापेक्ष 47 को स्वीकृति एवं 32 को ऋण वितरित किया जा चुका है। इंडस्ट्रियल एसोसिएशन प्रयागराज द्वारा औद्योगिक क्षेत्र नैनी से जुड़ी समस्याओं के निराकरण हेतु मंडलायुक्त ने औद्योगिक क्षेत्र में किसी भी तरह का विद्युत ब्रेकडाउन तथा जल भराव ना हो यह सुनिश्चित करने को कहा। औद्योगिक क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या के निराकरण के दृष्टिगत 16 हैंडपंप लगने प्रस्तावित हैं जिसके संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें शीघ्र लगवाने के निर्देश दिए।बैठक में विभिन्न आवेदकों को स्टार्ट अप इंडिया परियोजनाओं से भी लाभान्वित करने पर चर्चा की गई और इस संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित करने के सुझाव दिए गए। स्वच्छ सर्वेक्षण परियोजना के अंतर्गत एसटीपी द्वारा शोधित पानी को विभिन्न इंडस्ट्रीज में इस्तेमाल किए जाने पर भी चर्चा की गई एवं उद्यमियों से इस दिशा में कदम उठाने के अनुरोध किए गए। इस संबंध में इस पानी को कैसे और कहां इस्तेमाल किया जा सकता है इस पर सुझाव भी मांगे गए हैं। बैठक में जॉइंट डायरेक्टर इंडस्ट्रीज श्री लालजीत के साथ श्री नटवरलाल भारतीय, सदस्य व्यापार कल्याण बोर्ड एवं उद्योग बंधु तथा श्री संतोष त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
0 Comments