रिपोर्ट-संदीप कुमार
कौशाम्बी : संदीपनघाट थाना क्षेत्र के उजिहिनी खालसा गांव में रविवार की रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक टक्कर को लेकर हुई कहासुनी के बाद दबंगों ने फायरिंग कर दी। जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे गांव निवासी अरमान का सोनू की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गया था, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसी रंजिश में कुछ देर बाद अबूबकर, अबु बसर, सोनू और अयान पान की दुकान पर पहुंचे, जहां पहले से मौजूद मोहम्मद हसीब और सहाब से उनकी कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अबूबकर और सोनू ने सहाब पर फायरिंग कर दी, जिससे उसे पीठ और हाथ में गोली लगी। वहीं अयान ने मोहम्मद हसीब को पेट में गोली मार दी।
घटना के दौरान अबु बसर ने पीड़ित नदीम अहमद पर भी फायर किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित नदीम अहमद की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
0 Comments