Ticker

6/recent/ticker-posts

पत्रकार की हत्या का आरोपी बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में पुलिस ने मारी तीन गोलियां...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : जनपद में संगम नगरी प्रयागराज में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज़ वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। सिविल लाइंस के पॉश इलाके में 50 वर्षीय वरिष्ठ पत्रकार एल.एन. सिंह उर्फ पप्पू की चाकू से गोद-गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात धरनास्थल पुलिस चौकी के पास हर्ष होटल के सामने लगभग रात 10:30 बजे हुई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में पत्रकार को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उनके शरीर पर 20 से 25 बार किए, जिससे मौके पर ही उनकी हालत बिगड़ गई।

पुलिस की मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार...

घटना के तुरंत बाद एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजयपाल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी विशाल, निवासी सिविल लाइंस, की पहचान की और एक घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान उसे पकड़ लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में तीन गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि‌ आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके ठीक होने पर पूछताछ की जाएगी ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों और वजहों का पता चल सके।

विवाद बना हत्या की वजह...

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक दिन पहले पत्रकार एल.एन. सिंह का धरनास्थल के पास कुछ लोगों से विवाद हुआ था। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि उसी रंजिश के चलते बदले की नीयत से गुरुवार रात हमला किया गया।

पत्रकारिता जगत में शोक की लहर...

एल.एन. सिंह लंबे समय से एक समाचार चैनल से जुड़े हुए थे और पत्रकारिता जगत में सम्मानित नाम थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही मीडिया जगत, अधिवक्ता समुदाय और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह के चचेरे भतीजे बताए जा रहे हैं।

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल...

पिछले कुछ दिनों में प्रयागराज में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं जिनमें दलित युवक रवींद्र कुमार की हत्या भी शामिल है के बाद अब पत्रकार की नृशंस हत्या ने प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, आगे की कार्यवाही जारी...

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य एकत्रित करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और हत्या के कारणों की गहराई से जांच में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments