रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद में महिला कल्याण विभाग महोबा द्वारा जिला प्रोबेशन अधिकारी हर्षवर्धन नायक के निर्देशन में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वालंबन” थीम पर जनपद महोबा के ब्लॉक कबरई के ग्राम ननौरा में बुधवार, दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम “बाल विवाह को ना, शिक्षा को हां” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन कोऑर्डिनेटर प्रिया गुप्ता ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि लड़की की शादी 18 वर्ष से कम एवं लड़के की 21 वर्ष से कम आयु में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से लड़कियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इससे उनका मानसिक और शारीरिक विकास रुक जाता है तथा पढ़ाई बीच में छूट जाने से वे अपने सपनों को साकार नहीं कर पातीं।
प्रिया गुप्ता ने कहा कि शिक्षा ही लड़कियों को आत्मविश्वास और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है। शिक्षित लड़कियां न केवल अपने जीवन में आत्मनिर्भर बनती हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके पश्चात रुचि द्विवेदी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित पेंशन योजना, वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने 18 वर्ष से कम उम्र के बालक-बालिकाओं के साथ हो रही यौन हिंसा की शिकायत और उनके अधिकारों के संरक्षण की प्रक्रिया समझाई।
जेंडर स्पेशलिस्ट रीता चौरसिया ने हेल्पलाइन नंबर 1098 (बाल हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला पावरलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) की जानकारी देते हुए सभी को इन सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दहेज प्रथा और बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की टीम के साथ-साथ स्थानीय विद्यालय के अध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने बाल विवाह रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण का संकल्प लिया।
0 Comments