Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में खुशबू ने पहला स्थान, संविधान दिवस पर बच्चों को दी गई जानकारी...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जनपद में चरखारी स्थित अंबेडकर पाठशाला शिक्षा सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित नि:शुल्क अम्बेडकर पाठशाला में मंगलवार को संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नोत्तरी, भाषण, कविता एवं कहानी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। संविधान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में खुशबू ने प्रथम, इच्छा ने द्वितीय तथा दीपिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फाउंडेशन के सचिव महेन्द्र रैकवार, शिक्षक सुनील खरे, डायरेक्टर इन्द्र कुमार कुशवाहा एवं अध्यक्ष अनिल कुशवाहा उपस्थित रहे।

सचिव महेन्द्र रैकवार ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत किया, जो 26 जनवरी 1950 से प्रभावी हुआ। उन्होंने संविधान को भारत की लोकतांत्रिक, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष एवं गणराज्य व्यवस्था की मजबूत नींव बताया। अतिथि सुनील खरे ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया एवं इससे जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों को साझा करते हुए कहा कि यह देश के महान निर्माताओं की 2 वर्ष 11 महीने 18 दिन की कठिन परिश्रम का परिणाम है।
डायरेक्टर इन्द्र कुमार कुशवाहा ने संविधान की विशेषताओं — विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान, मौलिक अधिकार, कर्तव्य, संघीय ढांचा, सामाजिक न्याय, आरक्षण एवं सुरक्षा प्रावधान — पर प्रकाश डाला।

अध्यक्ष अनिल कुशवाहा ने कहा कि संविधान दिवस हमें लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है और देश की प्रगति में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका की याद दिलाता है। कार्यक्रम में रागनी, रोशनी, मनीष, नैतिक, प्रवेश सहित अनेक छात्रों ने सक्रिय सहभागिता की।

Post a Comment

0 Comments