रिपोर्ट-पुष्पेन्द्र सोनी
महोबा : पुलिस अधीक्षक महोबा श्री प्रबल प्रताप सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक सैनिक सम्मेलन एवं अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याओं का अनुश्रवण करते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसपी ने बीट प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने, बीट बुक को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों की 24 घंटे के भीतर जांच कर थाना स्तर पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा पीड़ितों से संवाद कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया जाए, जिससे आमजन में सुरक्षित वातावरण की अनुभूति हो।
साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए साइबर शिकायतों पर क्विक रिस्पांस, समयबद्ध कार्रवाई, धनराशि फ्रीज एवं बरामदगी के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट चिन्हित कर यातायात संकेतक लगाने एवं आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया।
अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए। वहीं मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता तथा स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
0 Comments