Ticker

6/recent/ticker-posts

काजीपुर ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, कार सवार युवकों ने दौड़ा कर पीटा...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी। जनपद के संदीपनघाट थाना क्षेत्र में एक ग्राम प्रधान के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्राम प्रधान जयप्रकाश विश्वकर्मा पुत्र स्व. बद्री प्रसाद निवासी काजीपुर ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार, जयप्रकाश विश्वकर्मा 17 फरवरी 2026 को सरकारी कार्य से ब्लॉक मूरतगंज गए थे। कार्य समाप्त कर जब वह वापस लौट रहे थे, तभी कार संख्या UP-70FW2108 उनके पीछे लग गई। आरोप है कि महगांव पार करने के बाद यादव बाटी-चोखा दुकान के सामने कार सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर जबरन रोक लिया।

पीड़ित का कहना है कि कार से उतरे दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए उनकी गाड़ी का दरवाजा खोलकर मारपीट करने लगे। जान बचाने के लिए वह पास की एक दुकान में घुस गए, लेकिन आरोपियों ने उनका कॉलर पकड़कर बाहर खींच लिया और फिर से मारपीट की। इस दौरान उनकी गर्दन और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं।‌ घटना के दौरान मौके पर भीड़ इकट्ठा होने लगी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना का समय शाम करीब 5:53 बजे बताया गया है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर से आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

इसके बाद 19 फरवरी 2026 को संदीपनघाट थाने में लिखित शिकायत दी गई है। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments