Ticker

6/recent/ticker-posts

पुरानी रंजिश में बेटे की गोली मारकर हत्या, पिता पर कुल्हाड़ी से हमला...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जनपद में थाना खरेला क्षेत्र के ग्राम चंदौली में पुरानी रंजिश के चलते सोमवार को खूनी संघर्ष हो गया। दबंगों ने एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, जबकि उसके पिता पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पिता को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक की पहचान नरेन्द्र पुत्र मंगल राजपूत के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी अर्चना के अनुसार, नवाड़ी निवासी लालू ने फोन कर नरेन्द्र को घर से बाहर सड़क पर बुलाया था। जैसे ही नरेन्द्र मौके पर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने उसे घेर लिया और अवैध असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से नरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पति को बचाने पहुंचे पिता मंगल सिंह (65) पर भी हमलावरों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से वार करने के साथ ही फायरिंग भी की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने नरेन्द्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह समेत दो सर्किल के सीओ और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस ने घटना स्थल से एक मोटरसाइकिल बरामद की है और आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर कुछ नामजद समेत करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2025 में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना के बाद से लगातार विवाद चल रहा था। फरवरी में भी मारपीट का मामला दर्ज हुआ था, जिसके चलते दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments