रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : करारी कस्बे में शनिवार रात बाइक टच होने की मामूली बात को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने तमंचे से दो राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दो सगे भाई मामूली रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जाता है कि प्रयागराज के धूमनगंज क्षेत्र के मरियाडीह निवासी शीबू करारी कस्बे के चमनगंज मोहल्ले में किराए के मकान में रहता है। शनिवार रात आजाद नगर मोहल्ला निवासी मोइनउद्दीन से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर शीबू ने करारी में रहने वाले कुछ रिश्तेदारों की मदद से मोइनउद्दीन के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मोइनउद्दीन का भाई मोइसउद्दीन बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई।
इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से तमंचे से दो राउंड फायरिंग कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल भाइयों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी करारी भेजा, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी है। मोइसउद्दीन ने गोली कमर में लगने की बात कही है। मामले में मोइनउद्दीन की मां शाहीन ने आरोपितों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की गई थी। मारपीट में दोनों भाइयों को मामूली चोटें आई हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments