Ticker

6/recent/ticker-posts

कोल्ड स्टोर की दीवार गिरने से दबे मजदूर, रेस्क्यू टीम द्वारा बचाव कार्य जारी...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : जनपद के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय कोल्ड स्टोर के भीतर काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए और मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 8 से 10 मजदूरों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि निर्माण संबंधी खामियां या दीवार की जर्जर हालत हादसे की वजह हो सकती है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments