रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर बदरे गांव में दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने करीब 10 लोगों के खिलाफ मूरतगंज चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता निशा देवी पत्नी खुशी सरोज के मुताबिक 25 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे गांव के रविकुमार, बीरेन्द्र, मनीष, पप्पू, नन्हा कोटवारी, पिन्टू, शमीम, विकास और सुरेश समेत लगभग 10 लोग दरवाजा तोड़कर जबरन उनके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर निशा देवी के साथ अभद्रता और मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी घर में रखे जमीन से जुड़े जरूरी कागजात, सोने-चांदी के गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए।
जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद से परिवार भय और दहशत में है। निशा देवी ने आरोप लगाया कि आरोपी उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और पहले भी कई बार धमकी दे चुके हैं। मामले को लेकर पीड़िता ने मूरतगंज चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। वहीं संदीपन घाट पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments