Ticker

6/recent/ticker-posts

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से लगाई न्याय की गुहार...

रिपोर्ट-इंद्रजीत कुमार 

प्रयागराज : शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर प्रताड़ित करने और घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अब आरोपी पक्ष उस पर जबरन गर्भपात कराने का दबाव बना रहा है। मामले में कार्रवाई न होने से परेशान पीड़िता ने बुधवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। मिली जानकारी के अनुसार फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती (परिवर्तित नाम ललिता देवी) ने आरोप लगाया है कि भगवतपुर निवासी अंशु पासी उर्फ अनुज कुमार पुत्र सुभाष, थाना एयरपोर्ट कमिश्नरेट प्रयागराज ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर शादी का भरोसा दिया। युवती का कहना है कि आरोपी कई वर्षों तक शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता के मुताबिक पिछले चार महीनों से आरोपी उसे शादी का भरोसा देकर अपने घर में रखे रहा, लेकिन शादी नहीं की। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। युवती का आरोप है कि गर्भावस्था की जानकारी होने पर आरोपी, उसके माता-पिता और मामा ने उस पर गर्भ गिराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी डिलीवरी में करीब 10 दिन शेष हैं, लेकिन इसके बावजूद आरोपी पक्ष लगातार प्रताड़ित कर रहा है। उसने बताया कि एक दिन आरोपी का पिता कुल्हाड़ी लेकर उसे दौड़ाने लगा, जिससे वह किसी तरह जान बचाकर भागी। वहीं आरोपी की मां पर भी पेट में लात मारने का आरोप लगाया गया है, जिससे उसे काफी दर्द बना हुआ है। युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी अंशु ने दूसरी शादी कर ली है और उसे गर्भवती अवस्था में घर से निकाल दिया। पीड़िता का कहना है कि वह कई सप्ताह से थाना पुलिस के चक्कर काट रही है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई।

बुधवार को पीड़िता पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की शिकायत देकर आरोपी तथा उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments