रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : नगर पालिका परिषद भरवारी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव आम के बाग में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना कोखराज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर असवा गांव की है। मंगलवार सुबह ग्रामीण बाग की ओर टहलने गए थे, तभी उन्होंने एक युवक का शव पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची कोखराज थाना पुलिस ने शव की पहचान गांव निवासी दिलीप उर्फ साहिल (20) पुत्र स्व. गया प्रसाद के रूप में की। घटनास्थल से एक पिट्ठू बैग भी बरामद हुआ है, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोगों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है। पुलिस के अनुसार युवक से जुड़े कुछ पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह की अफवाहों या चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कोखराज थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments