रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : करारी थाना क्षेत्र के गुवारा तैयबपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान सात माह की गर्भवती महिला समेत तीन लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता शमा बानो ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंगों ने घरेलू विवाद को लेकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि दबंगों ने बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और लाठी-डंडों से पीटा। शोर सुनकर बचाने पहुंचे उसके पति सोन्ने और भतीजे मोहम्मद आसिम को भी आरोपियों ने पीट दिया। घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मारपीट की घटना साफ दिखाई दे रही है।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उसके पति सोन्ने, भतीजे मोहम्मद आसिम, पत्नी और जेठ का ही धारा 151 के तहत चालान कर दिया। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है। सात माह की गर्भवती शमा बानो ने पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। वहीं, करारी पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाएगी।
0 Comments