रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के कूड़ापुर गांव में सन्दिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव घर के आंगन में चारपाई पर पड़ा मिला, जबकि उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। घटना के बाद पति मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सराय अकिल थाना क्षेत्र के चंदूपुर गांव निवासी बृजलाल ने अपनी बेटी रीता देवी की शादी वर्ष 2016 में चरवा थाना क्षेत्र के कूड़ापुर गांव निवासी सुभाष चंद्र के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग की जाती रही। मांग पूरी न होने पर रीता के साथ आए दिन मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार को मायके पक्ष को सूचना मिली कि रीता की तबीयत खराब है। सूचना मिलने पर जब परिजन ससुराल पहुंचे तो रीता का शव आंगन में चारपाई पर पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि उसके शरीर पर चोटों के कई निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि रीता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
हालांकि मौके पर फांसी लगाने से संबंधित कोई स्पष्ट निशान नहीं मिलने पर मामला संदिग्ध बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चरवा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
0 Comments