Ticker

6/recent/ticker-posts

केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला, बोले- जिले का विकास अब हमें ही करना पड़ेगा...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर कौशाम्बी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित भारत के विजन के तहत देशभर में प्रत्येक वर्ष करोड़ों पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और संरक्षण की भी लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल हो सके।
राजनीतिक सवालों के जवाब में केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर पुनः सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और विकास कार्यों के आधार पर पार्टी पहले से अधिक मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा कथित जातिगत एनकाउंटर संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि यदि कोई अपराध करता है तो पुलिस उसे पकड़ने जाएगी ही। पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी और उन्हें सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव ऐसा आरोप लगा रहे हैं तो शायद वह अपने शासनकाल को याद कर रहे हैं, वर्तमान सरकार सुशासन और कानून व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।

कौशाम्बी के विकास के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के विकास में बाधा बनने वाले विपक्षी विधायक और सांसद क्षेत्र के अपेक्षित विकास कार्य नहीं करा पाए हैं। उन्होंने कहा कि अब उन्हें स्वयं इस दिशा में विशेष ध्यान देना पड़ेगा ताकि जिले का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments