रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के संदीपन घाट गंगा नदी एवं आसपास के घाटों पर अवैध रूप से मछली आखेट और कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.के. शुक्ला के नेतृत्व में मत्स्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 30 पेटी मछली, एक चार पहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा (तराजू) तथा अन्य सामग्री बरामद की। मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गंगा नदी से बड़े पैमाने पर मछली पकड़कर उनकी पैकिंग कर बाहरी राज्यों में भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.के. शुक्ला, मत्स्य निरीक्षक अभिषेक वर्मा तथा विभागीय कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में मछलियां पैक होती मिलीं। कार्यवाही के दौरान सुनील कुमार निषाद, रोहित, धर्मेंद्र और घनश्याम सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर कोखराज पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बरामद सामग्री को भी कब्जे में ले लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पकड़े गए लोगों को छुड़ाने के लिए कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास भी किया गया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के अन्य घाटों पर भी अवैध मछली आखेट का कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा है। पुलिस और मत्स्य विभाग मामले की जांच में जुटे हैं तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
0 Comments