ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी मुशर्रफ पुत्र लाडे मियां को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पूरामुफ्ती थाने में एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके गांव में रहने वाले मुशर्रफ पुत्र लाडे मियां ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस उपायुक्त नगर ने बताया कि शनिवार देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान फतेहपुरघाट से टिकरी जाने वाले मार्ग पर भट्ठे से आगे स्थित तिराहे के पास वांछित आरोपी मुशर्रफ दिखाई दिया।
पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में मुशर्रफ के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।
घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध शस्त्र रखने और पुलिस पर फायरिंग करने के संबंध में भी विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
0 Comments