रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के ककोढ़ा ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। ईंट भट्ठे से ईंट लादकर जा रहे ट्रैक्टर पर बैठा मजदूर अचानक नीचे गिर गया और ट्रॉली के पहिये की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ईंट भट्ठे से ईंट लादकर कल्याणपुर की ओर जा रहा था। ककोढ़ा ओवरब्रिज पर पहुंचते ही ट्रैक्टर पर बैठा अंकित पटेल (18 वर्ष) पुत्र अनिलेश पटेल निवासी अमहा असंतुलित होकर ट्रॉली से नीचे गिर पड़ा। इसके बाद ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना डायल 112 और कोखराज पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी तथा कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश थाना पुलिस को दिए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
0 Comments