रिपोर्ट-अशीष विश्वकर्मा
महोबा : चरखारी विकासखंड के ग्राम काकुन में स्थित प्राचीन श्री श्री 1008 हनुमान जी मंदिर के समीप एक रहस्यमयी पत्थर इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पहाड़ पर मौजूद इस विशेष पत्थर को थपथपाने या किसी अन्य पत्थर से हल्की चोट करने पर उसमें से मंदिर के घंटे या किसी धातु जैसी गूंज सुनाई देती है। इस अनोखी विशेषता के कारण दूर-दूर से श्रद्धालु और जिज्ञासु लोग यहां पहुंच रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहाड़ पर मौजूद अन्य पत्थरों में ऐसी कोई ध्वनि नहीं निकलती, जबकि यह एकमात्र पत्थर है जो घंटी जैसी मधुर आवाज उत्पन्न करता है। स्थानीय बुजुर्गों और श्रद्धालुओं के अनुसार इस पत्थर का संबंध रामायण काल से माना जाता है।
जनश्रुति है कि यह पत्थर त्रेतायुग के ‘कालनेमी के घंटे’ से जुड़ा हुआ है। हालांकि इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में यह मान्यता लंबे समय से प्रचलित है। काकुन गांव का प्राचीन हनुमान मंदिर पहले से ही श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। अब इस रहस्यमयी पत्थर के कारण यहां आने वाले लोगों की संख्या में भी वृद्धि देखी जा रही है। श्रद्धालु इसे हनुमान जी की कृपा और दिव्य चमत्कार मान रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ विशेष प्रकार की चट्टानों की आंतरिक संरचना के कारण उनमें धातु जैसी अनुनाद (रेजोनेंस) ध्वनि उत्पन्न हो सकती है। हालांकि काकुन के इस पत्थर की वास्तविक विशेषता और इसके पीछे का वैज्ञानिक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल यह रहस्यमयी पत्थर ग्रामीणों की आस्था और लोगों की जिज्ञासा का केंद्र बना हुआ है तथा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
0 Comments