रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : सिराथू वन रेंज के अंतर्गत कोखराज थाना क्षेत्र के नौडिया ग्राम पंचायत में महुआ के हरे फलदार पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पिछले तीन दिनों से महुआ के हरे-भरे पेड़ों की कटाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र की हरियाली को नुकसान पहुंच रहा है। मामले को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पेड़ों की कटाई होती है और दिन में स्थल पर सन्नाटा रहता है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद कटान नहीं रुक सका। ग्रामीणों ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में सिराथू रेंज के वन अधिकारी का कहना है कि संबंधित पक्ष के पास पेड़ कटान का परमिट उपलब्ध है। हालांकि, ग्रामीणों का दावा है कि हरे फलदार पेड़ों की कटाई के लिए परमिट जारी किए जाने की वैधानिकता की जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। मामले में पुलिस की भूमिका को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि यदि कहीं अवैध कटान हो रही है तो संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही करनी चाहिए। फिलहाल इस मामले में किसी सक्षम प्राधिकारी द्वारा परमिट की वैधता अथवा कटान की कानूनी स्थिति पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जिला प्रशासन से ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
0 Comments