रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद कौशाम्बी की चरवा थाना पुलिस ने गोकशी के एक मामले का खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को थाना चरवा क्षेत्र के जानकीपुर गांव निवासी सुशील कुमार ने सूचना दी थी कि उनके नींबू के बाग में गाय की हत्या कर उसके अवशेष फेंके गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पशु चिकित्साधिकारी से जांच कराई। इस मामले में थाना चरवा पर गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार देर रात चौराहा-मलाकनगर मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपी मोइनुद्दीन उर्फ इरफान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्यवाही में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक .315 बोर का देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा 555 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से चरवा क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार उसने 24 जून 2026 को सराय अकिल थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य गोकशी की घटना में भी शामिल होने की बात कबूल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोइनुद्दीन उर्फ इरफान पुत्र शहाबुद्दीन, निवासी पनारा गोपालपुर, थाना सराय अकिल, जनपद कौशाम्बी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पहले से भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है तथा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्कीयवाही की जा रही है।
0 Comments